News2Bulletin Editorial Team🇮🇳 India
बिहार में बाढ़ का कहर, भागलपुर में 1,500 घर डूबे; 13 जिले प्रभावित
बिहार में गंगा, कोसी, गंडक, सोन, पुनपुन और बागमती समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। 3 सितंबर की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। भागलपुर के मदरौनी गांव में करीब 1,500 घर पानी में डूब गए हैं, जिसके कारण लोग छतों और रेलवे ट्रैक के आसपास शरण लेने को मजबूर हैं। रोहतास के सरैयां गांव में करीब 50 घर प्रभावित हैं और 30 से अधिक घरों में पानी घुस चुका है। करीब 100 लोगों को नाव से सुरक्षित निकाला गया। पटना के मनेर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 53 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।








